अम्बेडकरनगर: नकली पिस्टल की नोक पर ज्वेलरी शॉप में लूट का प्रयास, भीड़ ने लुटेरे को दौड़ाकर दबोचा, जमकर हुई धुनाई

लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया।


बस्ती मंडल न्यूज | अम्बेडकरनगर

ब्यूरो रिपोर्ट: मृत्युंजय शर्मा

अम्बेडकरनगर। जनपद के टांडा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक युवक ने फिल्मी अंदाज में नकली पिस्टल के दम पर एक नामी सराफा दुकान में लूट की कोशिश की। हालांकि, दुकानदार की हिम्मत और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी के आगे लुटेरे के मंसूबे धरे के धरे रह गए।

खुद को 'सऊदी रिटर्न' बताकर दुकान में घुसा आरोपी

​घटना टांडा थाना क्षेत्र के स्टेट बैंक के पास स्थित 'अखिलेश ज्वेलर्स' की है। जानकारी के मुताबिक, टांडा छोटी बाजार निवासी नसीम अहमद मंगलवार दोपहर दुकान पर ग्राहक बनकर पहुँचा। दुकानदार ज्ञान प्रकाश का विश्वास जीतने के लिए उसने खुद को सऊदी अरब से लौटा हुआ बताया और सोने की अंगूठी व चेन दिखाने की मांग की।

नकली पिस्टल तानी और जेवर लेकर भागा

​जैसे ही दुकानदार ने काउंटर पर गहने रखे, नसीम ने मौका पाकर उन्हें झपट लिया। जब दुकानदार ने विरोध किया, तो आरोपी ने अपनी जेब से एक नकली पिस्टल निकाली और दुकानदार को जान से मारने की धमकी देते हुए आभूषण लेकर बाहर की तरफ भागा।

जनता ने सिखाया सबक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

​दुकानदार के शोर मचाते ही बाजार में हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने बिना डरे लुटेरे का पीछा किया और उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। गुस्से में आई भीड़ ने आरोपी नसीम की जमकर धुनाई कर दी।

​सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष दीपक सिंह रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया।

पुलिस का बयान:

थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी नसीम अहमद को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके पास से बरामद पिस्टल नकली (खिलौना) पाई गई है। मामले में विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।


बस्ती मंडल न्यूज (Basti Mandal News) - हर खबर पर पैनी नजर।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Close Menu